जफराबाद। नैपुरा मुहल्ले की एक विवाहिता को ससुराल वालों ने दहेज के लिए दो बेटियों सहित घर से भगा दिया। उसने महिला को तीन तलाक कह दिया। बुधवार को महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर कोतवाली के बगीचा उमर खां (उर्दू बाजार) निवासी जलील ने अपनी पुत्री चांदनी की शादी 19 सितंबर 2018 को सरफराज अहमद के साथ की थी। शादी के बाद ससुराल के लोग उससे तीन लाख रुपये व बाइक लाने की मांग करने लगे। दहेज के लिए चांदनी को प्रताड़ित किया जाता था। चांदनी को एक पुत्र हसन तथा एक पुत्री जैनब पैदा हुई ।
पुत्री के पैदा होने के बाद ससुराल के लोगों ने चांदनी के साथ मारपीट भी शुरू कर दी। चार सितंबर की शाम को चांदनी के पति सरफराज, सास शाहजहां ने दहेज के लिए मारपीट कर घायल कर दिया। उसके बाद चांदनी के पति सरफराज ने उसको मायके पहुंचा दिया। मायके वालों के सामने तीन बार तलाक बोल कर छोड़ दिया। अब चांदनी की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की उचित कार्रवाई की जाएगी।