शाहगंज। खुफिया सूचना पर मंगलवार को गिरफ्तार किए गए पीएफआई के सदस्यों को जमानतदार नहीं मिलने पर पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया। पुलिस ने मंगलवार को क्षेत्र के सहावें गांव से एक युवक और शाहगंज कस्बा के मिल्लत नगर में किराए के मकान में रह रहे मौलाना को हिरासत में लिया है। पूछताछ के बाद दोनों को उप जिला अधिकारी न्यायालय में पेश किया गया। जमानत नहीं मिलने पर दोनों को जिला कारागार भेज दिया गया। पीएफआई के दो सदस्यों के गिरफ्तार किए जाने के बाद से लोगों में भय का माहौल है।
पीएफआई संगठन को लेकर देशभर में लगातार छापेमारी की जा रही है। खुफिया सूत्रों से शाहगंज क्षेत्र में भी पीएफआई के संपर्क होने की जानकारी मिलने पर पुलिस की संयुक्त टीम ने सरपतहां थाना क्षेत्र के उसरौली गांव निवासी मौलाना अब्बू होजैफा पुत्र अकील के घर छापेमारी की। वह नहीं मिला उसके पिता अकील व परिवार के अन्य सदस्य से पुलिस ने होजैफा के बारे में जानकारी इकट्ठा करते हुए घर की तलाशी ली। होजैफा के पिता अकील ने बताया कि वह शाहगंज नगर के मिल्लत नगर मोहल्ले में किराए के मकान में रहता है। पुलिस ने उक्त स्थान पर पहुंच कर होजैफा को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह नजिराबाद कालोनी में मदरसा महदुल कुरान वल उदमिल अर्सिया में एक वर्ष से पढ़ा रहा है। वह तीन भाई व चार बहन है। वह अपनी पत्नी शबनम दो बच्चों आशफा (3), मो. उमैर (2) के साथ रहता है। फिलहाल धरपकड़ के बाद घर में ताला लटका हुआ है। पीएफआई से संपर्क के बारे में उसने इंकार करते हुए किसी भी प्रकार की जानकारी न होने की बात कही।
इसी तरह क्षेत्र के सहावें गांव में पुलिस ने साजिद की तलाश में छापेमारी की। मौके पर साजिद मिलने पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद साजिद ने पीएफआई से किसी तरह का संबंध होने से इनकार किया। पुलिस ने इन दोनों से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ करके इनके गतिविधियों की जानकारी कर रही है। पुलिस ने दोनों को बुधवार को उप जिलाधिकारी शाहगंज के न्यायालय में पेश किया। न्यायालय में जमानत के लिए कोई जमानतदार नहीं मिला। जिससे जमानत नहीं पाई। दोनों को जिला जेल भेज दिया।