01- पॉलिटेक्निक चौराहे की फोटो यातायात की खबर के लिए।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। सवा तीन लाख की आबादी वाले शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कोई ठोस योजना अब तक नहीं बनी है। यातायात के बेतहाशा दबाव के बावजूद किसी भी चौराहे पर न तो सिग्नल लग पाए हैं और न ही लाइन खींची गई है। नतीजा रोजाना शहर हर वक्त जाम की जद में रहता है।
शहरवासियों के अलावा ग्रामीण क्षेत्र से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग कचहरी, कलेक्ट्रेट व विकास भवन सहित अन्य विभागों में अपनी समस्याओं का समाधान कराने और बाजार से सामान खरीदने आते हैं। जिससे शहर में रोज जाम लगता है। शहर के प्रमुख चौराहों में शुमार नईगंज, पालिटेक्निक, वाजिदपुर, जेसीज, सिपाह, पंचहटिया, कुत्तुबपुर, कोतवाली, और ओलंदगंज है। इन चौराहों से हर समय लोगों को आवागमन होता है। इतना ही नहीं नईगंज, पॉलीटेक्निक, वाजिदपुर, जेसीज, सिपाह, पंचहटिया, कुत्तुपुर चौराहों से छोटे वाहनों के साथ काफी संख्या में बड़े वाहन भी गुजरते हैं, लेकिन चौराहों पर ट्रैफिक लाइट नहीं होने से मनमाने तरीके से वाहन गुजरते हैं। इससे हर समय दुर्घटना होने का डर बना रहता है। वहीं यातायात नियमों का भी पालन नहीं हो पा रहा है।
शहर में ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगवाने के लिए पत्र शासन को शीघ्र ही भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। लाइन के अंदर वाहन खड़ा कराने की व्यवस्था यातायात पुलिस का है। -उदयवीर सिंह, एआरटीओ