शाहगंज। स्थानीय रोडवेज डिपो की बस चला रहे चालक को शनिवार की सुबह मनबढ़ों ने पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस दो आरोपियों को हिरासत लिया है।
प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि नेवादा गांव निवासी वीरेंद्र यादव रोडवेज बस चालक हैं। सुबह वाराणसी से यात्रियों को लेकर स्थानीय डिपो पर लौट रहे थे। रास्ते में सबरहद बाजार के समीप यात्री उतर रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक बस के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी घटना को लेकर मौके पर मौजूद कुछ मनबढ़ों ने बस का पीछा किया और स्थानीय रोडवेज डिपो पर पहुंचकर चालक की पिटाई कर दी। परिचालक रवि यादव की सूचना पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।