होलिका के लिए लगाई लगाया गया रेंड़। संवाद
जौनपुर। जनपद में आगामी तीन मार्च को आस्था और उल्लास के साथ 3183 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा, जबकि चार मार्च को रंगों का पर्व होली मनाया जाएगा। इस वर्ष होली के साथ रमजान का महीना होने के कारण पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 510 संदिग्ध लोगों को पहले ही पाबंद कर दिया गया है। त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे जिले को दो सुपर जोन, सात जोन, 28 सेक्टर और 53 सब सेक्टर में विभाजित किया गया है। हर जोन में मजिस्ट्रेट के साथ भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। विशेष रूप से युवाओं के उत्साह और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में दो दिनों तक अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी। प्रशासन ने शाहगंज, सदर, मड़ियाहूं और केराकत तहसील क्षेत्रों को सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माना है। जनपद में 50 स्थानों को संवेदनशील और सात स्थानों को अति-संवेदनशील की श्रेणी में रखते हुए यहां विशेष फोर्स तैनात की गई है। पुरानी घटनाओं को देखते हुए चिह्नित लोगों पर पुलिस की ‘स्पेशल विंग’ नजर रख रही है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे त्योहार को आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी भ्रामक खबर या अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। जनपद में 3183 स्थानों पर होलिका जलाई जाएगी। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नई परंपरा की शुरुआत करने की अनुमति नहीं है। 510 लोगों के खिलाफ पाबंद करने की कार्रवाई की गई है। गड़बड़ी करने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।