पीएम के आगमन की तैयारी को लेकर हेलीपैड को देख रहे सेना अधिकारी।
- फोटो : jounpur
पीएम नरेंद्र मोदी का सभा स्थल अचानक प्रशासन द्वारा परिवर्तित करने से कई तरह की बाधाएं आ रही हैं। गुरूवार को सेना का हेलीकाप्टर बीआरपी मैदान में उतरा। जहां अधिकारियों ने बताया कि एक साथ तीन हेलीकाप्टर उतरने में दिक्कत आएगी। यही नही बीआरपी मैदान में पहले से बने र्स्थाईं मंच को तोड़ने का भी निर्देश दिया गया है। सुरक्षा और एसपीजी के अधिकारी तय करेंगे कि हेलीकाप्टर कहां उतारा जाए। वैसे पुलिस लाइन में उपयुक्त स्थान माना जा रहा है। वहीं सेना के अधिकारियों ने भी हेलीपैड का निरीक्षण किया।
टीडी कालेज में प्रस्तावित परिवर्तन महारैली के मद्देनजर पुलिस प्रशासन सुरक्षा की तैयारी में जुट गया है। सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके तहत सभास्थल के आसपास खास निगाह रखी जाएगी। पुलिस का मानना है कि कुछ बाहरी लोगों से खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए सर्च अभियान को गति दी जा रही है। जबकि उधर रैली की सफलता को लेकर भाजपाजनों ने बैठक की है। हेलीपैड स्थल और सभा स्थल दोनों घनी आबादी से घिरे हुए हैं। ऐसे में ने पुलिस सर्च अभियान शुरू कर दिया है। आस पास के सभी लोगों को किसी बाहरी व्यक्ति के आने जाने पर पाबंदी लगाने का कहा गया है। कुछ नर्सिंग होम और घरों को बंद रखने का निर्देश प्रशासन ने दिया है। सभा स्थल से कुछ ही दूरी पर ऐसे मकान हैं जहां से मंच को निशाना बनाया जा सकता है। वैसे भी आतंकी संगठनों के निशाने पर पीएम नरेंद्र मोदी हैं। खुफिया एजेसिंयों ने जौनपुर और वाराणसी में एलर्ट जारी कर दिया है। जिसमें आतंकी खतरा बताया गया है।
प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का पहली सभा जौनपुर में आयोजित होने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उपाध्याय का कहना है कि प्रस्तावित महारैली में चार केंद्रीय मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष के अलावा नौ विधानसभा के प्रत्याशी और दोनों सांसद सहित 25 नेता मंच पर रहेंगे। हेलीपैड पर अगवानी के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित 15 लोगों की टीम रहेगी।