फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaunpur News: भाभी का गला रेता, पुलिस से बोला-बदला हो गया पूरा

विज्ञापन
खुटहन थाने के लॉकअप में बंद आरोपी आदित्य। संवाद  
विज्ञापन
खुटहन (जौनपुर)। ख्वाजापुर गांव में बृहस्पतिवार को चचेरे देवर ने विवाहिता की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। ग्रामीणों ने पकड़कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी के चेहरे पर पछतावा के भाव नहीं थे। पूछताछ में उसने कहा कि अब उसका बदला पूरा हो गया। गत पांच जनवरी को आरोपी की प्रेमिका की मां ने मुंबई में आत्महत्या कर ली थी। इसके लिए वह अपनी चचेरी भाभी को जिम्मेदार मानता था। क्योंकि भाभी ने आरोपी और उसकी प्रेमिका की तस्वीर दोनों के परिवारों को भेज दी थी। प्रेमिका की मां की आत्महत्या करने के ठीक एक महीने बाद उसने भाभी की जान ले ली। सुल्तानपुर जिले के करौंदी थानाक्षेत्र के उधरनपुर गांव निवासी पवन मौर्या अपनी पत्नी निशा मौर्या (34), बेटी श्रेया (5) और चचेरे भाई आदित्य के साथ सूरत में रहते हैं। सभी वहां प्राइवेट नौकरी करते थे। 21 जनवरी को पूरा परिवार सूरत से निशा के मायके कानपुर आया। वहां से 28 जनवरी को सभी पवन मौर्या के ननिहाल खुटहन थानाक्षेत्र के ख्वाजापुर गांव में नाना गुरुदीन मौर्या के घर आ गए। बृहस्पतिवार को दोपहर में निशा घर के बाहर छप्पर में बैठी थी, तभी अचानक साथ आया चचेरा देवर आदित्य चाकू निकालकर उसका गला रेतने लगा। शोरगुल सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आदित्य ने निशा का गला आधा रेत दिया था। जमीन पर खून फैला हुआ था। लोगों ने आरोपी को पकड़कर घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी को अपने किए पर कोई अफसोस नहीं है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसकी भाभी के चलते ही उसकी प्रेमिका की मां ने आत्महत्या कर ली। अब उसका बदला पूरा हुआ। खुटहन थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि घटना के पीछे प्रेम संबंध उजागर हो रहा है। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपनी प्रेम कहानी भी बताई। पुलिस की जांच में सामने आया कि आजमगढ़ जिले के एक गांव की युवती का परिवार मुंबई में रहता था। युवती से उसकी मुलाकात सूरत में एक शादी के दौरान हुई। दोनों सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म के जरिये एक-दूसरे के नजदीक आए और प्यार करने लगे।दोनों एक-दूसरे से मिलने लगे और बातें भी करने लगे थे। इसकी जानकारी आरोपी की भाभी निशा को हो गई। उसने दोनों की तस्वीर प्रेमिका की मां और आरोपी की मां को भेज दी थी। इसी बीच जनवरी में भी युवती सूरत गई। वहां आदित्य ने उसे गिफ्ट दिया था। लेकिन, यह तस्वीर उसके भाभी के हाथ लग गई, जिसे उसने फिर दोनों के परिवार वालों को भेज दिया। बताया जा रहा है कि इससे नाराज होकर प्रेमिका के पिता ने अपनी बेटी और पत्नी की पिटाई की थी। इससे दुखी होकर प्रेमिका की मां ने पांच जनवरी को आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद से आदित्य भाभी से बदला लेने की सोच रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पिता राम बचन मौर्य की तीन मई 2025 को हत्या कर दी गई थी। इस हत्या को आरोपी के दोस्तों ने ही अंजाम दिया था। उस समय पता चला था कि दोस्त उसे ही मारना चाहते थे लेकिन हत्या उसके पिता की हो गई। इस वारदात के बाद से वह खुद के पास से प्रोफेशनल चाकू (खुखरी) रखने लगा था। उसी चाकू से उसने अपनी भाभी का गला रेत दिया। पुलिस ने चाकू को बरामद कर लिया है।

खुटहन थाने के लॉकअप में बंद आरोपी आदित्य। संवाद  

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें