जौनपुर। जिले में हनुमान जयंती का पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा, जो देर रात तक जारी रहा। भव्य शृंगार, सुंदरकांड का पाठ और महाभंडारे के आयोजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। नगर के रासमंडल स्थित बड़े हनुमान मंदिर में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें देखी गईं। इसी क्रम में बीआरपी इंटर कॉलेज, टीडी इंटर कॉलेज गेट और कोतवाली स्थित हनुमान मंदिरों में भी दिन भर रौनक बनी रही। सिगरामऊ क्षेत्र के प्रसिद्ध फिरोजपुर स्वयंभू महादेव मंदिर (पंचधाम) में उत्सव का विशेष रंग दिखा। मंदिर के पुजारी सिंधु शुक्ला ने हनुमान जी की प्रतिमा पर सिंदूर लेप कर मूंज का यज्ञोपवीत धारण कराया और प्रिय लड्डुओं का भोग लगाया। मंदिर समिति के अध्यक्ष संतोष शुक्ला के नेतृत्व में दिन भर सुंदरकांड और भजन-कीर्तन का दौर चला। बदलापुर में हनुमान जन्मोत्सव पर भक्ति के साथ सेवा का संगम देखने को मिला। अधिवक्ता रोहित शुक्ल और उनकी समाजसेवी टीम ने फल वितरित किए।
इस दौरान अधीक्षक डॉ. संजय दुबे समेत अस्पताल का स्टाफ और कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।