स्वच्छ गोमती अभियान के तत्वावधान में आईआईटी रुड़की की टीम द्वारा नगरीय क्षेत्र में गिर रहे नाले के गंदे पानी के सैंपल लेने का कार्य तीसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा।
इस दौरान हनुमान घाट के नाले के गंदे पानी का सैंपल लिया गया। सैंपल लेने के बाद नगरीय क्षेत्र के लिए गोमती एक्शन प्लान प्रोजक्ट को तैयार किया जाएगा।
अभियान के अध्यक्ष गौतम गुप्ता ने बताया कि यह कार्य प्रोफेसर इंद्रमणि मिश्र की देख रेख में किया जा रहा है। टीम में आईआईटी रुड़की के शोध छात्र अमरीष कुमार और सदस्य बलराम निषाद व चंदन निषाद शामिल हैं।
संयोजक डा. राजवीर सिंह ने कहा कि पूर्व में हुए शोध रिपोर्ट के अनुसार विगत कुछ वर्षों में काफी प्रदूषण बढ़ने के कारण गोमती में पाई जाने वाली मछलियों की प्रजाति में भारी गिरावट हुई है।
महामंत्री विकास शर्मा ने बताया कि शीघ्र ही सैम्पुलिंग का कार्य पूरा करके संकट मोचन फाउंडेशन की मदद से नगरीय क्षेत्र के लिए गोमती एक्शन प्लान का प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा।
इस अवसर पर राजेंद्र विश्वकर्मा, कृपासिंधू, मोहनीश शुक्ल, बृजेश मौर्या, मनू रिजवी, मनोज तिवारी व कृष्णकांत आदि उपस्थित रहे।