जौनपुर। कोरोना संक्रमण का दंश झेल रहे लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मुहैया कराने के लिए समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह ने पांच ऑक्सीजन कंसंट्रेटर डीएम को मुहैया कराया है। उन्होंने और वेंटिलेटर मशीन देने का वादा किया है।
शनिवार को उनके प्रतिनिधि रूपेश रघुवंशी ने डीएम को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर सौंपा। कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम मनीष वर्मा ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान ज्ञान प्रकाश सिंह की तरफ से किए गए सहयोग की सराहना की और उन्हें साधुवाद दिया। डीएम ने बताया कि उपकरण बिजली पर आधारित है। इससे ऑक्सीजन बनता है, जो अस्पताल आने वाले मरीजों के लिए लाभकारी होगा। इस उपकरण से छोटे या बड़े आक्सीजन सिलेंडर की आवश्यकता नहीं पड़ती। जिससे अस्पताल प्रशासन को उपचार करने में ज्यादा दिक्कत नहीं होगी। ज्ञान प्रकाश ने पिछले लॉकडाउन में 78 दिनों तक लगातार दिन रात जरूरतमंदों को लंच पैकेट, राशन पैकेट, दवा, सैनिटाइजर व मॉस्क का वितरण किया था। इस अवसर पर अरविंद सिंह, रामकृष्ण दूबे, मयंक नारायण, सुनील यादव, मिथिलेश त्रिपाठी, संजय गुप्ता, विवेक यादव, मोहम्मद फैजल आदि मौजूद थे।