जौनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को निष्पक्ष कराने के मद्देनजर जिला प्रशासन ने 15 दिनों में कुल 101 लोगों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है। इसमें 41 को जिला बदर किया गया है। शेष 55 लोगों को थाने पर हाजिरी लगाने का निर्देश दिया गया है। पांच मामलों में नोटिस तामिल नहीं हो पाया।
एडीएम भू व राजस्व राजकुमार द्विवेदी ने 15 दिनों में 25 लोगों को जिला बदर किया है। इसके अलावा दो अन्य बदमाशों को गुंडा एक्ट में निरुद्ध करते हुए थाने पर हाजिरी लगाने का निर्देश दिया है। वहीं एडीएम वित्त व राजस्व रामप्रकाश ने भी 15 दिनों में 16 लोगों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई करते हुए जिला बदर किया है, जबकि 58 लोगों पर यह कार्रवाई करते हुए थाने पर हाजिरी लगाने का निर्देश दिया है। दोनों अधिकारियों ने कुल मिलाकर 41 लोगों को जिला बदर किया है। जिला बदर होने वालों में सुभाषपुर निवासी पुनीत उर्फ छल्लू, मोहनलाल यादव, संदीप कुमार यादव, बलरामपुर निवासी सत्येंद्र उर्फ पिंटू, मिरशादपुर निवासी विशाल सिंह, राजापुर निवासी दिनेश कुमार यादव, धरनीधरपुर निवासी अर्जुन बिंद, गुड़हाई निवासी रोहित कुमार उर्फ लालमनी, गोलाबाजार निवासी मोहम्मद शोहराब व मोहम्मद आरिफ, जमैथा निवासी कृष्ण मोहन व मैराद खान निवासी विवेक राय सहित आदि है। वहीं 55 लोगों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई करते हुए थाने पर हाजिरी सप्ताह में हाजिरी लगाने का निर्देश दिया गया है। दोनों अधिकारियों ने कहा कि चुनाव निष्पक्ष व सकुशल संपन्न कराने के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई है। चुनाव में अगर कोई भी व्यक्ति खलल डालने का कार्य करेगा तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।