मीरगंज (जौनपुर)। भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच शनिवार दोपहर जंघई रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया। सुल्तानपुर जिले के तटेरुपुर निवासी प्रभाकर मिश्रा (50), जो हंडिया (प्रयागराज) में एक पेट्रोल पंप के मैनेजर हैं, प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। दोपहर करीब 2:45 बजे अत्यधिक गर्मी और डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) के कारण उन्हें अचानक चक्कर आया और वे बेहोश होकर गिर पड़े। प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मचते ही वहां ड्यूटी पर तैनात जीआरपी जवान अभिजीत दुबे तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने यात्री के चेहरे पर पानी छिड़का, लेकिन कोई हरकत न होने पर समय गंवाए बिना तत्काल सीपीआर देना शुरू कर दिया। करीब तीन मिनट तक लगातार हार्ट पंपिंग करने के बाद प्रभाकर मिश्रा की सांसें वापस आ गईं और उन्हें होश आ गया। होश में आने के बाद जीआरपी जवान ने प्रभाकर के मोबाइल से उनके सहयोगियों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे कर्मचारी उन्हें इलाज के लिए प्रयागराज के एक निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के मुताबिक, समय पर सीपीआर मिलने की वजह से ही उनकी जान बच सकी और अब वे खतरे से बाहर हैं। जंघई स्टेशन अधीक्षक कोमल और वहां मौजूद सैकड़ों यात्रियों ने जवान अभिजीत दुबे की इस मानवीयता और त्वरित सूझबूझ की जमकर सराहना की है।