समूह सखियों का प्रदर्शन- जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन करती समूह सखी कैडर संघ में शामि
जौनपुर। मानदेय बढ़ाने सहित सात सूत्रीय मांगों के लिए बुधवार को समूह सखियों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। समूह सखी कैडर संघ की जिलाध्यक्ष पुष्पा सरोज के नेतृत्व में जिलेभर से पहुंचीं सैकड़ों महिलाओं ने अपनी मांगों के लिए आवाज उठाई। प्रदर्शन के बाद अपर मजिस्ट्रेट को मांगों से संबंधित पत्र सौंपा गया। समूह सखियों ने कहा कि उनकी मांगों पर 48 घंटे के भीतर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वह धरना शुरू करने के लिए बाध्य होंगी। जिलाध्यक्ष पुष्पा सरोज ने कहा कि समूह सखियां गांवों में स्वयं सहायता समूहों के गठन से लेकर उनके संचालन और समूह से संबंधित अन्य कार्यों की जिम्मेदारी संभालती हैं। इसके लिए उन्हें शासन की ओर से हर महीने दो हजार रुपये मानदेय दिया जाता है। मौजूदा समय में इतनी कम राशि में काम करना मुश्किल हो रहा है। संगठन ने मानदेय 15 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग रखी है। समूह सखियों ने काम के लिए टैबलेट उपलब्ध कराने के साथ उसका रिचार्ज निशुल्क कराने और क्षेत्र में आने-जाने के लिए यात्रा भत्ता देने की भी मांग की। सेवा को स्थायी करने, मुफ्त इलाज की सुविधा देने और पांच लाख रुपये का बीमा कराने की मांग भी पत्र के माध्यम से रखी गई है। प्रदर्शन में मीनू सिंह, लक्ष्मी शर्मा, नीतू सिंह, सरिता यादव समेत बड़ी संख्या में समूह सखियां मौजूद रहीं।