जौनपुर। माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत राजकीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रही छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि तीन माह की होगी। राज्य परियोजना निदेशक ने इसके लिए जिले के 26 विद्यालयों का चयन किया है।
बालिकाओं को विपरीत परिस्थितियों से सामना करने एवं मानसिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के लिए 26 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को 3 माह तक आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से आवेदन पत्र का प्रारूप प्राप्त किया जा सकता है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 अक्तूबर निर्धारित है। प्रत्येक राजकीय माध्यमिक विद्यालय में प्रशिक्षक द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किए जाने के बाद संबंधित प्रधानाचार्य द्वारा प्रतिमाह चार हजार मानदेय प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षक को तीन माह के लिए अधितकम 12 हजार दिया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि प्रतिदिन 40 मिनट निर्धारित की गई है। प्रशिक्षकों की योग्यता मार्शल आर्ट, जूडो, ताइक्वांडो, कराटे, मान्यता प्राप्त खेल संघ से ब्लैक बेल्ट, प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में जूनियर या सीनियर वर्ग में प्रतिभाग किया हुआ खिलाड़ी आवेदन करने के लिए पात्र होंगे। प्रशिक्षक के रूप में यथा संभव महिला प्रशिक्षक का ही चयन किया जाएगा। महिला प्रशिक्षक न मिलने की स्थिति में पुरुष प्रशिक्षक का चयन किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्यभान ने कहा कि प्रशिक्षण के लिए चयनित विद्यालयों को पत्र भेज दिया गया है।