मछलीशहर। स्थानीय तहसील परिसर से एक लेखपाल की बाइक से बस्ता गायब हो गया। बस्ते में तीन गांवों का अभिलेख था। लेखपाल ने शनिवार को बस्ता चोरी का केस दर्ज कराया है। एसडीएम मंगलेश दुबे का कहना है कि लेखपाल का बस्ती उनकी लापरवाही से गायब हुआ है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अलीगढ़ जिले के थाना जवां अंर्तगत सूडियाल गांव निवासी सेना से सेवानिवृत्त राजपाल सिंह मछलीशहर तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात हैं। उन्हें सजई कला ,रामपुर सवाई व हिरामनपुर गांव का कार्यभार सौंपा गया है। गुरुवार को वह तहसील कार्यालय आये थे। लेखपाल का कहना है कि वह कुछ काम से कम्प्यूटर कक्ष में गये थे। वहां से कुछ देर बाद लौटकर बाहर निकले तो बाइक के पीछे बंधा बस्ता गायब था। बस्ते में तीनों गांवों का नक्शा, खतौनी, खसरा आदि अभिलेख के साथ ही सेना के इलाहाबाद कार्यालय से जारी उनकी सर्विस बुक भी थी। पीड़ित लेखपाल राजपाल सिंह द्वारा घटना के एक दिन बाद शनिवार को कोतवाली में सरकारी अभिलेख चोरी होने की एफआईआरदर्ज कराई गई है।