जल शक्ति अभियान कैच द रेन अभियान के अंतर्गत भारत सरकार की टीम जनपद में सोमवार को आई। यह टीम बंदरगाह पोत जलपरिवहन जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक संदीप कुमार गुप्ता की अगुवाई में जनपद में जगह-जगह गई। जहां जल संरक्षण से संबंधित कार्यक्रमों के बारे में बताया। साथ थी माइक्रो इरिगेशन के अंतर्गत ग्राम कुदुपुर में पपीता में ड्रिप कार्यक्रम दिखाया गया।
जिला उद्यान अधिकारी डा. ममता सिंह यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत कृषि, औद्यानिक व गन्ना फसलों की सिंचाई के लिए ड्रिप व मिनी स्प्रिंकलर पर अनुदान दिया जाएगा। योजना के तहत लघु व सीमांत किसानों को 90 फीसद व अन्य किसानों को 80 फीसद अनुदान की व्यवस्था है। पोर्टेबल स्प्रिंकलर सिंचाई के लिए क्रमश: 75 व 65 फीसद सहायता अनुमन्य है। अनुदान प्राप्त करने के लिए लाभार्थी के पास खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति जिसमें खाता संख्या व आइएफएससी कोड अंकित हो। पासपोर्ट साइज फोटो के साथ किसी भी जनसेवा केंद्र पर जाकर उद्यान विभाग की बेवसाइट डीबीटीडाटहार्टिकल्चरडाटजीओवीडाटइन पर पंजीयन कराकर योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मिलेगा। योजना के बारे में विस्तृत जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।