सुइथाकला। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद ने कहा कि भाजपा सरकार मछुआ समाज का उत्थान कर रही है। सपा, बसपा की सरकारों ने समाज का हक मारा। जो समाज मछली पालन करेगा, वहीं मछुआ समुदाय का माना जाएगा, सरकार ने इस काले कानून को निरस्त किया। यह बातें उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि रविवार को बूढुपुर गांव में पार्टी के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कही।
उन्होंने आह्वान किया कि निषादों का गौरवशाली इतिहास रहा है। जिन सरकारों ने निषाद समाज के साथ छल किया, उसे निषाद समाज ने सत्ता से ही हटा दिया। शाहगंज विधायक रमेश सिंह ने कहा कि उन्हें विरासत में एक बीमारु विधानसभा मिली थी, लेकिन बीते डेढ़ सालों में शाहगंज बाईपास, शाहगंज बस डिपो का कायाकल्प, शाहगंज रेलवे स्टेशन, कस्तूरबा आवासीय विद्यालय, गैरवांह में एथेनॉल प्लांट की स्थापना सहित कई सड़कों सहित पुल-पुलियों का निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
इस दौरान वर्षों से जर्जर सरायमोहिउद्दीनपुर-बूडूपुर मार्ग के निर्माण का शिलान्यास किया गया। सम्मेलन को प्रदेश अध्यक्ष रवींद्रमणि निषाद, डॉ. अमित निषाद, प्रेम नारायण निषाद आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर बाबूराम निषाद, सुरेंद्र निषाद, चंदन निषाद उपस्थित रहे। संचालन चंद्रेज निषाद ने किया।