युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराने के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए राजकीय डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। एक हजार वर्ग मीटर में बनने वाली लाइब्रेरी के लिए शहर में ही भूमि खोजने का काम शुरू हो गया है।
शासन से पत्र आने के बाद डीएम ने भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश एसडीएम को दिया है। डिजिटल लाइब्रेरी बनने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आसानी होगी। लाइब्रेरी को वाईफाई से लैस किया जाएगा। लाइब्रेरी के लिए दो से तीन जगह भूमि देखी गई है लेकिन अभी फाइनल नहीं हो पाया है।
लाइब्रेरी में छात्र-छात्राओं के साथ आम लोग भी अपना ज्ञान बढ़ा सकेंगे। कचहरी के आसपास या शहरी सीमा से सटे इलाके में भूमि उपलब्ध कराने की कवायद चल रही है। कितने की लागत से बनेगी और क्या सुविधाएं होंगी अभी यह साफ नहीं हो पाया है।
जिले के युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए राजकीय लाइब्रेरी बनाई गई है। इसमें अच्छी किताबें भी हैं। लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पत्रिकाएं भी आती हैं। पढ़ाई करने वालों की संख्या बहुत कम है। जबकि यहां ज्ञानार्जन के लिए सभी सुविधाएं मौजूद हैं।
लाइब्रेरी में उपलब्ध हैं 20 हजार किताबें
नगर में सुतहट्टी बाजार के पास राजकीय लाइब्रेरी स्थापित की गई है। इसमें 20 हजार किताबें उपलब्ध हैं। वाईफाई की सुविधा भी उपलब्ध है। आठ अखबार नियमित रूप से आते हैं। इसके अलावा इंडिया टुडे, क्रॉनिकल, अमर उजाला सफलता, करेंट अफेयर्स, दृष्टि, कुरूक्षेत्र, समसामयिकी, योजना आदि पत्रिकाएं उपलब्ध हैं। 40 से 45 छात्र प्रतिदिन पढ़ाई के लिए यहां आते हैं। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक लाइब्रेरी खुली रहती है।