जौनपुर जिले के सुरेरी थाने पर तैनात एसएसआई रामानंद चंद्रा की सोमवार की रात वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह कुछ दिनों से सर्दी-खांसी और सांस की बीमारी से पीड़ित थे। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
मूलरूप से गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के उसरेन गांव निवासी रामानंद चंद्रा (48) पिछले तीन वर्ष से सुरेरी में तैनात थे। चार दिन पूर्व उन्हें सर्दी-खांसी और सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई। पहले तो वह सामान्य रूप से दवा लेते रहे। तबीयत बिगड़ने पर सोमवार को सहकर्मियों ने पीएचसी रामपुर पहुंचाया। वहां प्रारंभिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
यहां भी तबीयत में सुधार न होने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया था। वाराणसी में चितईपुर स्थित निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था। वहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दरोगा की पत्नी सुशीला देवी पुत्र अभिषेक (16) व दो पुत्रियों पूर्णिमा (25), प्रतिमा (20) के साथ वाराणसी में रहती थी। तीनों बच्चे वहीं पढ़ाई करते हैं। पीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात यादव ने बताया कि एसएसआई में लक्षणों के आधार पर कोरोना का टेस्ट कराया गया था, मगर रिपोर्ट निगेटिव आई थी।