सिटी स्टेशन पर 35 मिनट रूकी रही बेगमपुरा एक्सप्रेस, राज्यपाल थी सवार।
सराय हरखू और श्रीकृष्णा नगर रेलवे स्टेशन के बीच कुसुम्ही मालगाड़ी का इंजन फेल होने से बुधवार को रेल यातायात प्रभावित हो गया। इसके चलते जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर बेगमपुरा एक्सप्रेस को करीब 35 मिनट तक रोकना पड़ा। संयोगवश इस ट्रेन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी यात्रा कर रही थीं। राज्यपाल की मौजूदगी को देखते हुए स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।
सिटी स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि बेगमपुरा एक्सप्रेस वाराणसी से चलकर दोपहर 2 बजे जौनपुर सिटी स्टेशन पहुंची थी। उधर,सराय हरखू और श्रीकृष्णा नगर रेलवे स्टेशनों के बीच दोपहर 1:10 बजे कुसुम्ही मालगाड़ी का इंजन अचानक फेल हो गया, जिससे मालगाड़ी बीच ट्रैक पर खड़ी हो गई और रेल यातायात बाधित हो गया।
स्थिति से निपटने के लिए जौनपुर सिटी स्टेशन से दोपहर 1:32 बजे राहत इंजन भेजा गया, जो 1:55 बजे घटनास्थल पर पहुंचा। इसके बाद खराब इंजन से मालगाड़ी को जोड़कर दोपहर 2:26 बजे सराय हरखू स्टेशन तक लाया गया। ट्रैक खाली होने की सूचना मिलने के बाद दोपहर 2:35 बजे जौनपुर सिटी स्टेशन से बेगमपुरा एक्सप्रेस को रवाना किया गया।
ट्रेन के निर्धारित समय से करीब 35 मिनट तक स्टेशन पर रुके रहने के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को भी इंतजार करना पड़ा। उनकी सुरक्षा के मद्देनजर आरपीएफ और जीआरपी के जवान लगातार स्टेशन परिसर में गश्त करते रहे।
ट्रेन रवाना होने के बाद रेलवे प्रशासन ने राहत की सांस ली। वहीं, विलंब के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक समय पर नहीं पहुंच पाने की चिंता सताती रही।
इस दौरान आरपीएफ थाना प्रभारी अजय कुमार, आरपीएफ सिटी चौकी प्रभारी संदीप कुमार, जीआरपी चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार, एसआई हरिकेश सहित रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।