सुइथाकलां गांव में शव मिलने के बाद घटना स्थल पर पुलिस और ग्रामीण। स्रोत-संवाद
सुइथाकलां (जौनपुर)। सरपतहा थानाक्षेत्र के मयारी गांव में बुधवार (होली) के दिन घर से निकली 14 वर्षीया किशोरी का शव शनिवार सुबह बरामद हुआ। घर से करीब पांच किलोमीटर दूर सुइथाकलां के पास शारदा नहर की झाड़ियों में शव फंसा हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मयारी गांव की अनुसूचित जाति बस्ती निवासी राम अचल की बेटी गोल्डी (14) बुधवार सुबह किसी बात से नाराज होकर घर से निकली थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने उसे गांव से महज 200 मीटर दूर स्थित नहर की पुलिया पर बैठा देखा था, जिसके बाद उसके नहर में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर गोताखोरों और जाल की मदद से नहर में तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन उस समय सफलता नहीं मिली। तलाश के लगभग 66 घंटे बाद शनिवार सुबह ग्रामीणों ने सुइथाकलां के पास नहर की झाड़ियों में एक शव फंसा देखा। शिनाख्त होने पर पता चला कि यह शव गोल्डी का ही है। थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में मामला डूबने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।