जौनपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई के 10वीं व 12वीं की परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को जारी हुआ तो छात्र-छात्राएं खुशी से उछल पड़े। किसी ने अपने घर में खुशी मनाई तो किसी ने स्कूल में पहुंचकर सहपाठियों के साथ खुशी मनाया और गुरुजनों से आशीर्वाद लिया। इस बार के परीक्षा परिणाम में लड़कियों ने बाजी मारी है। हालांकि लड़के भी कम नहीं थे। 12वीं का परिणाम सुबह ही आ गया था। ऐसे में करीब 11 बजे से ही परीक्षार्थी और उनके अभिभावक रिजल्ट देखने के लिए इधर-उधर साइबर कैफे पर पहुंचने लगे। कोई स्कूलों में तो लगे कंप्यूटर और इंटरनेट के जरिए तो कोई मोबाइल के माध्यम से रिजल्ट जानने की कोशिश करता नजर आया। इंटरमीडिएट की परीक्षा में उत्कृष्ट अंक हासिल करने वालों में लड़कियों की संख्या अधिक रही है। वहीं हाल हाईस्कूल में भी रही। स्कूलों की तरफ से जारी परीक्षा परिणाम में भी छात्राओं की संख्या अधिक रही।