जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के जेसीज चौराहे के निकट बुधवार को सुबह एक 30 वर्षीय युवती बेहोशी की हालत में मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। आशंका जताई जा रही है कि युवती के साथ दुष्कर्म जैसी घटना भी हो सकती है। इसकी जांच के लिए उसे जिला चिकित्सालय से महिला अस्पताल भेज दिया गया।
विज्ञापन
लाइनबाजार थाने के प्रभारी दिनेश प्रकाश पांडेय का कहना है कि घटना से संबंधित जानकारी टीडी कालेज चौकी प्रभारी के पास है। चौकी प्रभारी का कहना है कि सुबह लड़की को सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिलने की सूचना पर जब वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तो वह खुद से उठकर खडी हो गई और अपने से आटो रिक्शा में सवार हुई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल परीक्षण के लिए महिला अस्पताल भेज दिया गया। महिला अस्पताल से अभी रिपोर्ट नहीं मिली है। फिलहाल लड़की को अस्पताल में ही रखा गया है। उसकी मानसिक दशा ठीक नहीं लग रही है।