मुंगराबादशाहपुर। पवांरा थाना क्षेत्र के रामपुर हरिगिर गांव में तीन दिन पूर्व हुई किशोरी की मौत जहर देने से नहीं, सिर में चोट लगने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी उपुष्टि हुई है। पिता की बेरहमी से पिटाई में बालिका को यह चोट आई थी, मगर सच्चाई छिपाते हुए पिता ने उसे जहर देकर मारने की बात बताई। पुलिस ने मृतका के पिता समेत पांच लोगों के गैर इरादतन हत्या, साजिश सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
24 मई की देर शाम एक किशोरी (17) की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। घर वालों ने बताया कि किशोरी के साथ कुछ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया, फिर उसे जहर पिला दिया था। पुलिस इसी अनुसार छानबीन में जुटी थी। बुधवार को जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो पुलिस सकते में आ गई। रिपोर्ट में मौत का कारण जहर नहीं, बल्कि सिर में गंभीर चोट होना पाया। पुलिस ने मृतका के पिता को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो घटना की अलग कहानी सामने आई। एसओ सैयद हुसैन मुंतजरन ने बताया कि मुकदमे में नामजद किए गए युवक 23 मई को युवती को अपने साथ ले गए थे। अगले दिन उसे घर पहुंचा दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में पंचायत भी हुई थी, लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था और एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी दी गई थी। एसओ के मुताबिक बेटी के घर लौटने पर पिता ने उसकी जमकर पिटाई कर दी थी, जिससे उसके सिर में चोट आई और वह बेहोश हो गई। परिजन सीएचसी सुजानगंज ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि पिता ने पूरी घटना छिपाते हुए केस दर्ज कराया था। मामले की जांच के बाद पिता के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या व साजिश रचने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। अन्य चार आरोपियों पर नाबालिग के अपहरण, मारपीट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है।