जौनपुर। रोडवेज तिराहे के पास शनिवार को दोपहर छेड़खानी कर रहे शोहदे की लड़की और उसके परिजनों ने पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि वह कई दिनों से लड़की का पीछा कर रहा था।
लाइनबाजार क्षेत्र के एक मोहल्ले की युवती शहर में ब्यूटीपार्लर पर काम करती है। इसी क्षेत्र के एक गांव का युवक कई दिनों से उसका पीछा कर रहा था। वह जब भी घर से निकलती युवक पीछे लग जाता ता। रास्ते में फब्तियां कसता था। उसने कई बार विरोध किया लेकिन वह कुछ भी सुनने को तैयार नहीं था। रोज-रोज की हरकत से तंग आकर उसने आज आरोपी युवक को सबक सिखाने का फैसला किया। उसने युवक की हरकत की जानकारी परिजनों को दी। शुक्रवार को दोपहर वह रोडवेज तिराहे के निकट पीछा कर रहे युवक को रोककर शोर मचाना शुरू कर दिया। मौके पर भीड़ जमा हो गई। लड़की के परिवार के लोग भी पहुंच गए। लड़की ने युवक को पीटना शुरू कर दिया। उसके परिजन और भीड़ ने भी मनचले युवक की पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। एएसपी सिटी डॉ संजय कुमार का कहना है कि पीड़ित लड़की की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।