मछलीशहर। नगर स्थित शंकर गैस एजेंसी के मालिक ने एजेंसी में काम करने वाले एक कर्मचारी पर सात लाख रुपये की हेराफेरी का आरोप लगाया है। गैस एजेंसी के प्रबंधक की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
शंकर गैस एजेंसी के प्रबंधक विवेक कुशवाहा ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि कुछ महीनों से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा है। वह अस्पताल में भर्ती थे। काम काज की जिम्मेदारी अपने मुनीम को सौंप दिया था। उनकी अनुपस्थिति में मुनीब ने गैस सिलेंडर के बिक्री के रूपये बैंक खाते में जमा करने के बजाय कैश अपने पास रख लिया। जब गैस सिलेंडर के लिए धन की कमी पडने लगी तब कंपनी ने जमा करने के लिए कहा। मुनीब ने रूपये उधार होने की बात कही। जब तीन दिसंबर को आकर हिसाब मांगा तो हिसाब अगले दिन बताने की बात कहकर घर गया। तब से फरार चल रहा है। फरार चल रहे एजेंसी के कर्मचारी के परिजन एजेंसी मालिक पर अपहरण कराने का आरोप लगा रहे है। हालांकि पुलिस ने कर्मचारी के घर से गैस के कुछ भरे सिलेंडर भी बरामद कर एजेंसी मालिक को सुपुर्द किया है। मामले में कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय का कहना है कि तहरीर गैस एजेंसी संचालक ने दी है। मामले की छानबीन चल रही है। शीघ्र ही कार्रवाई की जाएगी।