जौनपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर आकर जिले को 10 हजार करोड़ रुपये की सौगात दी। केंद्रीय मंत्री अब तक जिले में सात बार आ चुके हैं।
उन्होंने बीआरपी इंटर काॅलेज के मैदान में आयोजित जनसभा में आए पांच हजार लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अपने जिले के विकास में योगदान दें।
कहा कि जिले के विकास में सड़कों का अहम योगदान है। जिले की सड़कों को लेकर बनाई गई योजना का जिक्र किया। जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए प्रस्तावों की मंजूरी और काम को धरातल पर उतारने की बात कही।
केंद्रीय मंत्री दोपहर 1.30 बजे पुलिस लाइन पहुंचने वाले थे। मिर्जापुर में कार्यक्रम में हुई देरी से एक घंटे बाद 2.23 बजे जनसभा स्थल पहुंचे। कार्यक्रम पूरे होने के बाद 3.09 बजे उन्होंने मंच से वापसी की।
केंद्रीय मंत्री इसके पहले 20 दिसंबर 2021 को मछलीशहर लोकसभा में चुनावी जनसभा को संबोधित किए थे। इसके बाद पूर्वांचल विश्वविद्यालय की आयोजित संगोष्ठी सभागार में शामिल हुए थे। इसके अलावा भी वह समय-समय पर विधानसभा व लोकसभा चुनावों में शामिल होते रहे।
इस मौके पर राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीशचंद्र यादव, बदलापुर विधायक रमेशचंद्र मिश्र, मड़ियाहूं विधायक डा.आरके पटेल, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह आदि मौजूद रहे।