मछलीशहर क्षेत्र के चुंगी चौराहा स्थित एटीएम बूथ पर कार्ड बदलकर जालसाजों ने 29 हजार रुपये खाते से निकाल लिया। रुपये कटने का मैसेज मिलने के बाद भुक्तभोगी ने कोतवाली में तहरीर दी है।
सिकरारा थाना क्षेत्र के आनापुर गांव निवासी विपिन कुमार यादव ने अपने गांव के ही जय प्रकाश उपाध्याय को अपना एसबीआई बैंक का एटीएम कार्ड देकर शनिवार को एक हजार रुपये निकालने को कहा था। जय प्रकाश ने चुंगी चौराहे पर स्थित वक्रांगी एटीएम से एक हजार रुपये निकाल भी लिया। लेकिन, वहीं मौजूद दो लोगों ने उसे बातों में उलझाकर एटीएम कार्ड को बदल लिया। जय प्रकाश ने रुपये और एटीएम कार्ड विपिन को दे दिया। कुछ ही देर बाद विपिन के मोबाइल पर एसबीआई बैंक के एटीएम से 19 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया। उन्होंने तुरंत एटीएम चेक किया तो वह बदला हुआ था। जिसके बाद भुक्तभोगी ने जयप्रकाश को बुलाया और पूछताछ की तो उसने दो लोगों द्वारा बातचीत के दौरान एटीएम लेने की बात बताई। भुक्तभोगी ने मछलीशहर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय का कहना है कि इस मामले में तहरीर मिली है। इस मामले की जांच की जा रही है।