थानागद्दी। केराकत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत मई निवासी तीन युवकों को डाक विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर जालसाज ने एक लाख साठ हजार रुपये ठग लिए। युवकों ने पुलिस चौकी में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मई गांव निवासी सुंदरम सिंह, सत्यम सिंह और अंकित सिंह ने तहरीर में बताया कि कुछ माह पहले उनकी मुलाकात सत्यपाल सिंह उर्फ पप्पू निवासी बाबू की खजूरी थाना मेहनगर आजमगढ़ से हुई। वह दूर का रिश्तेदार है। सत्यपाल ने उसने बताया कि डाक विभाग में नौकरी करता है और तीनों की नौकरी वहीं लगवा देगा। तीनों युवक उसकी बातों में आकर प्रमाणपत्र सहित एक लाख साठ हजार रुपये दे दिए। युवको ने कुछ दिन बाद नौकरी के बारे में पूछा तो सत्यपाल आनाकानी करने लगा। ठगी के शिकार तीनों युवकों ने पता लगाया तो जानकारी मिली कि लालगंज तहसील में सत्यपाल सिंह नाम का कोई पोस्टमास्टर डाक विभाग में कार्यरत है ही नही। ठगी का एहसास होने पर युवकों ने केराकत कोतवाली के थानागद्दी पुलिस चौकी प्रभारी को तहरीर देकर रुपये व प्रमाणपत्र दिलाने की मांग की। साथ ही आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।