शाहगंज। कोतवाली क्षेत्र के अखन सराय में विदेश भेजने के नाम पर कई बेरोजगार युवकों से करोड़ों रुपये ऐंठने और फरार हो जाने का मामला सामने आया है। पुलिस टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी के कार्यालय में काम करने वाली युवती समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। रविवार सुबह भारी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है।
शाहगंज नगर से सटे जौनपुर रोड पर अक्खन सराय गांव स्थित पेट्रोल पंप के सामने शक्ति टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी का कार्यालय है। पीडि़तों का आरोप है कि कंपनी के संचालक राहुल कुमार सिंह ने विदेश भेजने के नाम पर दो सौ से भी ज्यादा लोगों को विदेशों में नौकरी दिलाने के नाम पर धन उगाही की। आरोप है कि प्रत्येक आवेदक से 55 से 70 हजार रुपये तक लिए गए, जो रकम करोड़ों में है। संचालक ने शनिवार को सभी को पासपोर्ट, वीजा, टिकट और एग्रीमेंट देने के लिए ऑफिस बुलाया था, लेकिन वहां पहुंचने पर वह नहीं मिला। दोपहर से शाम तक इंतजार में बैठे लोगों ने रात तक नहीं पहुंचने पर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्या ने लोगों समझाबुझाकर वापस भेजा। पुलिस टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी के कार्यालय में काम करने वाली युवती समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार ने बताया कि पुलिस प्रकरण की जांच पड़ताल कर रही है। मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी पकड़ा जाएगा।