जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के सेवई नाला के आगे अशरफगढ़ तिराहे के सामने नव निर्माणाधीन कमरे में पुलिस ने मंगलवार की रात छापामार कर अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। खुटहन, खेतासराय और सरपतहां और स्वाट पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 20 अवैध देसी तमंचा, 3 अवैध देसी रिवाल्वर, तमंचा बनाने के उपकरण और लूट के 32 हजार रुपये बरामद हुए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर डा. संजय कुमार ने बताया कि थानाध्यक्ष खुटहन राणा प्रताप यादव को सूचना मिली कि सेवई नाला के आगे अशरफगढ़ तिराहे के सामने दाहिनी तरफ नव निर्माणाधीन कमरे में शातिर अपराधियों द्वारा एक असलहा फैक्ट्री संचालित की जा रही है। इस पर थानाध्यक्ष खुटहन ,खेतासराय ,सरपतहां एवं स्वाट की संयुक्त टीम ने छापामार कर मौके से प्रवीण पांडेय पुत्र प्रमोद पांडेय निवासी ग्राम बाधगांव थाना सरपतहा, निशांत सिंह पुत्र सत्येंद्र कुमार सिंह निवासी ग्राम परियावा थाना लाइन बाजार, विवेक सिंह पुत्र ठाकुर प्रसाद सिंह ग्राम बाधगाव थाना सरपतहा और शिवम सिंह पुत्र पंचम सिंह ग्राम बाधगाव थाना सरपतहा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की उम्र 20 से 26 साल के बीच है। इनके पास से 20 अवैध देसी तमंचे, 3 अवैध देसी रिवाल्वर, शस्त्र बनाने के उपकरणों में पांच हथौड़ी, बारह लोहे की पाइप के टुकडे ,दो आरी ब्लेड, एक लोहे का राड नुमा पेचकश, दो पेचकश, दो पिलास, एक रेती, एक पत्ती, दो छेनी, 5 स्क्रू बोल्ट, 9 लोहे के लट, 18 स्प्रिंग, एक लोहे की इलेक्ट्रिक कटर मशीन, एक कटर ब्लेड, एक भट्टी पंखा, एक पत्ती बालू कागज आदि बरामद किया गया। इसके अलावा 6 मई को सरपतहा क्षेत्र में हुए लूट के 32,000 रुपये और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार
जौनपुर। सुजानगंज पुलिस ने एक देशी तमंचा (315 बोर) और एक कारतूस (315 बोर) के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद बुधवार को आरोपी का चालान कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार की री रात मुखबीर की सूचना पर अभियुक्त सूरज पुत्र राजबहादुर गौतम निवासी ग्राम पतहना थाना सुजानगंज को गिरफ्तार किया गया। वह बसरही बस स्टैंड के पास से रात करीब साढ़े दस बजे एक देशी तमंचा, एक कारतूस 315 बोर के साथ खड़ा था। आरोपी की उम्र 23 साल है।