नगर पंचायत की चार मुहल्लों की नवनिर्मित इंटरलाकिंग की सड़कों को तोड़कर छोड़ दिया गया है। जंाच के दौरान खामी मिलने पर एसडीएम ने चारों सड़कों को तोड़कर बनाने का निर्देश दिया था।
एसडीएम के निर्देश पर तत्काल चारों इंटर लाकिंग सड़कों को नगर पंचायत द्वारा तोड़ दिया गया, लेकिन चार माह बीतने के बाद भी अभी तक उसे बनाने की कार्रवाई नहीं की गई है।
तोड़कर छोड़ी गई इन सड़कों पर आवागमन करने में वार्ड वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मुहल्लेवासियों में हर समय गिरकर चुटहिल होने की डर बना रहता है।
विभाग मानक के अनुसार ईंट नहीं मिलने का रोना रो रहा है। नगर पंचायत मछलीशाहर के चार मुहल्लों उमरान, पुरानीबाजार, कजियाना और खांजादा में इंटरलांकिग सड़क का निर्माण चार माह पूर्व की गई थी।
इन नवनिर्मित सड़क मानक के अनुसार नहीं बनाने की शिकायत मुहल्लेवासियों व सभासदों ने अप्रैल माह में जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी से किया था।
जिसको गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने 18 अप्रैल को उपजिलाधिकारी विजय बहादुर सिंह को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। जिस पर एसडीएम ने उक्त इंटर लाकिंग सड़क की जांच की।
इस दौरान इंटर लाकिंग सड़कों का निर्माण मानक व गुणवत्ता युक्त नहीं पाई गई थी। इसके बाद एसडीएम ने ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड करते हुए नगरपंचायत के अधिशासी अधिकारी को सड़कों को तोड़कर फिर से बनाने का निर्देश था।
एसडीएम के निर्देश पर नगर पंचायत की ओर से उक्त सड़कों को तोड़ दिया गया था, लेकिन अभी तक उसे बनाने की कार्रवाई नहीं की गई है।
फजल अहमद अंसारी, हाजी मोहम्मद हसन, कमलेश कुमार, डा.आरके सलमानी ने बताया कि सड़क तोड़क कर छोडने जाने से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने शीघ्र सड़क बनाने की मांग की है।