जौनपुर। बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव से लोग तेजी से डेंगू की चपेट में आ रहे हैं। शुक्रवार को एक दिन में डेंगू के चार नए मरीज मिले हैं। इसी के साथ डेंगू के कुल मरीजों की संख्या बढ़ कर 47 पहुंच गई। बृहस्पतिवार को यह संख्या 43 थी।
डेंगू की रोकथाम के लिए सीएचसी प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि इलाज के लिए आने वाले बुखार के मरीजों की डेंगू की जांच अवश्य कराएं। डेंगू के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिले की 22 सीएचसी को सतर्क कर दिया गया है। अधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि यदि डेंगू का लक्षण दिखता है और मरीज को बुखार हो रहा है तो प्राथमिकता के आधार पर जांच कराएं। जांच में यदि रिपोर्ट सकारात्मक आता है तो सूचना जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराएं। ताकि ऐसे मरीजों को चिह्नित करके उनका इलाज किया जा सके। सीएचसी पर भी रोज 150 से 200 मरीज आते हैं। इसमें 20 से 25 मरीज ऐसे हैं, जिन्हें बुखार की शिकायत है। ऐसे मरीजों की जांच कर उनका प्राथमिक उपचार करने को कहा गया है। जिन स्थानों पर नए केस मिल रहे हैं, वहां सतर्क रहने के साथ डेंगू की रोकथाम के लिए कार्रवाई करने की मांग की गई है।
शहर में तीन करंजाकला में एक केस मिला
जिले में शुक्रवार को डेंगू के चार नए मरीज मिले हैं। शहर में सबसे अधिक तीन और करंजाकला में एक संक्रमित मिला है। इसी के साथ डेंगू संक्रमितों की संख्या 47 पहुंच गई है। बृहस्पतिवार को करंजाकला, सिरकोनी और शहर में दो संक्रमित मिले थे। डीएमओ डाॅ. सुनील कुमार यादव का कहना है कि जिन क्षेत्रों में डेंगू के संक्रमित मिल रहे हैं, वहां कार्रवाई की जा रही है।
-
वर्जन-
जिले के सभी सीएचसी पर जांच की सभी सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। अधीक्षकों को निर्देश दिया है कि वह इलाज के लिए आने वाले मरीजों के डेंगू की जांच जरूर कराएं। यदि किसी तरह की दिक्कत आती है, तो उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दें।
-डाॅ. लक्ष्मी सिंह, सीएमओ