08- जिला अस्पताल में इलाज के लिए आ रहे मरीजों की गेट पर थ्सर्मल स्कैनिंग करते स्वास्थ्य कर्मचारी।
- फोटो : JAUNPUR
जौनपुर। दो दिन लगातार निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद शुक्रवार को फिर से कोरोना के चार नए मरीज मिले हैं। चारों प्रवासी हैं। इसमें दो मुंबई और दो दिल्ली से आए हैं। कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या अब 507 हो गया है। कुल नौ मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है, जबकि 64 एक्टिव केस बचे हैं। पूविवि में बने कोविड-19 अस्पताल में 61 मरीजों का उपचार चल रहा है। अन्य तीन मरीज वाराणसी और प्रयागराज में भर्ती किए गए हैं।
शुक्रवार की शाम आई रिपोर्ट में सुईथाकला ब्लाक के हुसेनाबाद निवासी 30 वर्षीय युवक दिल्ली से निजी कार में जौनपुर आया था। उसका सैंपल पांच जून को लिया गया था। रिपोर्ट आने से पहले तक उसमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं थे। डोभी के चिटको चंदवक में 15 जून को मुंबई से हवाई जहाज में सफर कर पहुंचा 25 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव मिला है। खुटहन के बैरागीपुरा में 13 वर्षीय किशोरी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ 30 मई को ट्रेन से मुंबई से आई थी। डोभी के सेमरी हरिहरपुर में दिल्ली से कार में आया 32 वर्षीय युवक में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। डीएम दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी मरीजों को कोविड-19 अस्पताल में शिफ्ट कराया गया है। उनके गांव में सैनिटाइजेशन का कार्य ग्राम पंचायत के माध्यम से कराया जा रहा है। परिवार के अन्य सदस्यों व संपर्क में आए लोगों की भी सैंपलिंग कराई जाएगी।
शाहगंज विधायक की तीसरी रिपोर्ट आई पॉजिटिव
जौनपुर। जिले की शाहगंज सीट से विधायक व सपा सरकार में मंत्री रहे शैलेंद्र यादव ललई की तीसरी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। इसके पहले हुई जांच में वह निगेटिव पाए गए थे। विधायक का उपचार लखनऊ में चल रहा है। शनिवार को फिर से उनका सैंपल लिया जाएगा। शाहगंज विधायक में 16 जून को कोरोना की पुष्टि हुई थी। इसके बाद वह लखनऊ में भी भर्ती हो गए थे।