जौनपुर जिले के जफराबाद-सुल्तानपुर रेल खंड पर श्रीकृष्णनगर स्टेशन की बबुरा क्रासिंग के पास शनिवार की रात टूटी पटरी से गाड़ियों की आवाजाही होती रही। सुबह निरीक्षण के दौरान जानकारी हुई तो अफरातफरी मच गया। इसके बाद ट्रेनों का परिचालन रोककर ट्रैक की मरम्मत शुरू हुई। इस दौरान ट्रेनें काशन पर गुजारी गई। टूटी पटरी से चार मालगाड़ियों के गुजरने की बात कही जा रही है।
वरिष्ठ इंजीनियर मनोज कुमार ने बताया कि जफराबाद से कोईरीपुर तक 45 ट्रैक मैन लगातार रात में पेट्रोलिंग करते हैं। संभव है कि सुबह ही पटरी टूटी हो। स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार का कहना था कि रात में चार मालगाड़ियां वाराणसी से सुल्तानपुर की ओर इस ट्रैक से गुजरी है। पटरी चटखने की सूचना सुबह ही मिली। इस दौरान कोई ट्रेन नहीं गुजरी थी।