थानागद्दी। सीएचसी केराकत के चिकित्सा अधीक्षक डा. अजय कुमार सिंह ने शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थानागद्दी का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सक समेत चार कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उन्होंने कार्रवाई के लिए अधिकारियों को अवगत करा दिया है। चिकित्सा अधीक्षक ने सुबह 10 बजे पीएचसी थानागद्दी का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सा प्रभारी डा. एपी सिंह, फार्मासिस्ट सभाजीत, वार्ड बॉय दिलीप तिवारी व एएनएम अभिलाषा अनुपस्थित मिली। अस्पताल में उपस्थित सीनियर नर्स गीता यादव से जब अधीक्षक ने कर्मचारियों के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि अभी तक लोग नहीं आए हैं। चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि तीन दिन पूर्व डिप्टी सीएमओ के निरीक्षण में भी थानागद्दी प्रभारी डा. एपी सिंह अनुपस्थित मिले थे, और शुक्रवार को तीसरे दिन भी अनुपस्थित हैं। बताया कि अभिलेखों में भी अनियमितता बरती गई है। जिस दिन डॉ. छुट्टी पर हैं उस दिन भी ओपीडी रजिस्टर में मरीजों की एंट्री दर्शाई गई है। इससे विभागीय अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।