जौनपुर। चार दिनों की छुट्टी के बाद बुधवार को खुले बैंकों में ग्राहकों की ऐसी भीड़ उमड़ी कि उन्हें जमा-निकासी के मामूली काम कराने में भी घंटों लग गए। लंबी कतारों में खड़ा होकर ग्राहक बारी की प्रतीक्षा करते रहे। इस दौरान कई शाखाओं में सर्वर की खामी ने कोढ़ में खाज का काम किया। नतीजा कतारों में लगने के बाद भी ग्राहक मायूस लौटे। एटीएम के बाहर भी भीड़ का ऐसा ही हाल रहा। बैंक खुलने के बाद भी दोपहर तक कई एटीएम कैश न होने से चालू नहीं हो पाए थे।
शनिवार-रविवार को बैंकों में अवकाश था। इसके बाद सोमवार व मंगलवार को कर्मचारी निजीकरण के विरोध में हड़ताल पर थे। इस दौरान पूरी तरह कामकाज ठप रहा। नकदी खत्म होने से एटीएम भी सोमवार को ही खाली हो गए थे। नकदी की जरुरत पूरा करने के लिए लोग बैंक खुलने का बेसब्री से इंतजार करते रहे। बुधवार को सुबह बैंक खुलते ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के आंबेडकर तिराहा स्थित यूबीआई, सिविल लाइंस स्थित एसबीआई मुख्य शाखा, मियांपुर मोड़ पर एक्सिस बैंक शाखा में ग्राहकों की भीड़ तीन गुना थी। स्टेशन रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में हर काउंटर पर ग्राहकों की लंबी कतार थी। जमा-निकासी के लिए हर कोई व्याकुल था। भीड़ बढ़ने के कारण बैंक कर्मी कार्य बोझ से दबे रहे। इस बीच सर्वर ने साथ छोड़ दिया। बीच-बीच में कई बार सर्वर डाउन होने से कामकाज बाधित रहा। पीएनबी शाखा के एसएन जायसवाल बताते हैं कि छुट्टी के बाद बैंक खुलने से भीड़ का दबाव बहुत था। सामान्य दिनों की अपेक्षा दोगुने से अधिक ग्राहक थे। सर्वर खराब होने से थोड़ी दिक्कत आई। ग्राहकों की सहूलियत के लिए देर शाम तक बैंक खोलकर आरटीजीएस के काम किए गए।
----
दोपहर तक बंद रहे कई एटीएम
जौनपुर। चार दिन बाद बैंक तो खुल गए, लेकिन कई एटीएम दोपहर तक बंद रहे। इन पर ताला ही लटकता रहा तो कइयों में नकदी नदारद रही। सिविल लाइंस स्थित एसबीआई का एटीएम बंद रहा। रुहट्टा में यूबीआई के एटीएम में पैसा नहीं था। यही हाल एक्सिस बैंक के एटीएम का भी था। कई अन्य बैंकों के भी एटीएम कैश न होने से खाली रहे। बैंक बंद होने से कैश न आने के कारण इन्हें भरने में दिक्कत हुई। लिहाजा जिन एटीएम में पैसा था, वहां लोग कतार लगाकर निकासी करते रहे।