बदलापुर। कोतवाली क्षेत्र के बलुआ गांव में शनिवार की रात ग्राम प्रधान हिम्मतपुर कमलेश यादव पर की गई फायरिंग के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद सहित चार पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। ग्राम प्रधान कमलेश यादव तहरीर के मुताबिक वह सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के करनपुर गांव स्थित अपने ईट भट्ठे से बुलेट से रात करीब 9 बजे वापस अपने घर जा रहे थे, घर से 500 मीटर पहले घात लगाकर खड़े चार बदमाशों ने लक्ष्य कर उन्हें जान से मारने की नियत से गोली चला दी। गोली सीने के बगल से होते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। घायल प्रधान कमलेश यादव की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही सगे भाइयों अवनीश यादव व आशीष यादव सहित दो अज्ञात के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद सहित दो अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है।