प्रयागराज हाइकोर्ट ने मेरे पति को जमानत दे दी, इसके लिए कोर्ट का शुक्रियादा करना चाहता हूं। हमें न्याय पालिका पर पूरा भरोसा है कि इंसाफ होगा। जमानत तो हो गई लेकिन मेरे पति और मेरी जान को खतरा है। कुछ लोग हमारे दुश्मन हैं जिन्हें सत्ता का समर्थन मिला हुआ है।
मेरी मोदी जी से अपील है कि मेरे सिंदूर और मंगलसूत्र की रक्षा करें। यह बातें शनिवार को जौनपुर से बसपा प्रत्याशी व पूर्व सांसद धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला सिंह ने वाजिदपुर स्थित उत्सव मोटेल में पत्रकारों से बातीचत में कहीं।
उन्होंने कहा कि उनके पति ने जौनपुर के लोगों की सेवा की है और जब यहां की जनता आवाज को सदन तक पहुंचाने के लिए चुनाव लड़ने का फैसला लिया, तो उनके ऊपर फर्जी मुकदमे कायम कराए गए। भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई को दूसरा रूप दिया गया है।
श्रीकला ने कहा कि न्यायालय ने बहस के बाद अपना फैसला सुरक्षित रखा था, बावजूद बौखलाहट बस उनके पति को बरेली जेल में शिफ्ट किया गया। उन्होंने कहा कि उनके पति के ऊपर जिन लोगों ने एक-47 से जानलेवा हमला किया था और जिनको माननीय न्यायालय से उनके अपराध की सजा मिलनी भी निश्चित है, वह लोग सजा से बचने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। घात करके उनके पति की हत्या का प्रयास कर सकते हैं।
यही नहीं उनको अन्य किसी फर्जी मुकदमों में फसाने की भी साजिश है। श्रीकला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में उनके मंगलसूत्र और सिंदूर पर संकट है। उसकी रक्षा की जाए। आंचल फैलाकर जौनपुर के लोगों से अपना प्यार व आशीर्वाद उनके झोली में डालने की अपील की।