मुंगराबादशाहपुर। उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी जगमोहन यादव के छोटे भाई सुधाकर यादव (अपर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर 12वीं पीएसी) की शुक्रवार की रात में हार्ट अटैक से उनके पैतृक गांव तरहठी में मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। वह चार दिन की छुट्टी पर घर आए थे।
मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के तरहठी गांव निवासी सुधाकर यादव (55) पत्नी के साथ दो दिन पूर्व ही अपने पैतृक घर परिजनों से मिलने आए थे। उनके बड़े भाई पूर्व ब्लाॅक प्रमुख बृजलाल यादव का परिवार गांव में ही रहता है। रात में परिजनों के साथ भोजन करके वह अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। सुबह नौ बजे तक वह अपने कमरे से नहीं निकले तो परिवार के लोग उन्हें चाय के लिए जगाने गए। वहां उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हो रही थी। इस पर परिवार के लोगों ने तत्काल डाॅक्टरों को सूचित किया और एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, संभवत: रात में ही उन्हें हार्ट अटैक आया और उनकी मौत हो गई। सुधाकर यादव नोएडा, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, मुरादाबाद में तैनात रहे। वर्तमान में वह 12वीं पीएसी में बतौर एडिशनल एसपी फतेहपुर में तैनात थे। वहीं, इनका बेटा विशाखापत्तनम में रहकर तैयारी कर रहा है। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा और पुलिस अधीक्षक डॉ. अजय पाल शर्मा ने भी घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।