जौनपुर। खुटहन के काजी शाहपुर गांव में कोटेदार की ओर से ईपॉस मशीन में अंगूठा लगवाकर कार्ड धारकों को खाद्यान्न न देने के मामले में पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने दुकान संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जौकाबाद गांव निवासी राम आधार पासवान की काजी शाहपुर गांव में कोटे की दुकान है। ग्रामीणों का आरोप था कि जुलाई में ईपॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बाद कोटेदार ने राशन नहीं दिया। एसडीएम शाहगंज के आदेश पर आपूर्ति निरीक्षक आशुतोष सिंह गत सोमवार को गांव में पहुंच मामले की जांच किए। इसमें 24 कार्डधारियों को राशन नहीं देने की बात सच साबित हुई। स्टॉक के मिलान में गेहूं 30 क्विंटल की जगह 14 और चावल 46 क्विंटल की जगह मात्र 1 क्विंटल पाया गया। उन्होंने बचे हुए खाद्यान्न को बगल गांव जमालुद्दीनपुर के कोटेदार विष्णु चंद्र यादव के सुपुर्द कर रामअधार के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया।