जौनपुर। बदलापुर महोत्सव का आयोजन एक व दो नवंबर को सल्तनत बहादुर इंटर कॉलेज के मैदान में होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शामिल होंगे। समारोह में लोक कला की झलक दिखेगी।
डाक बंगले में रविवार को पत्रकारों से बातचीत में विधायक रमेशचंद्र मिश्र ने कहा कि महोत्सव में 251 जोड़ों के विवाह होगा। सामूहिक विवाह समारोह में केरल के राज्यपाल शामिल होंगे। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण करेंगे। राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव, सांसद बीपी सरोज, एमएलसी विद्यासागर सोनकर, कृपाशंकर सिंह मौजूद रहेंगे। पहले दिन गोमती आरती, महोत्सव गीत, धोबिया लोक नृत्य, नटवरी कत्थक नृत्य, गायक प्रणव सिंह की प्रस्तुति होगी। अभिनेता व सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का सम्मान होगा। मनोज टाइगर बतासा चाचा, हरिहरपुर घराने के आदर्श मिश्रा, हास्य कलाकार एहसान कुरैशी, अली खान, केके गोस्वामी गबरु, हर्षित सक्सेना प्रस्तुतियां देंगे।
दो नवंबर को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, आयुष राज्यमंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी, शाहगंज विधायक रमेश सिंह शामिल होंगे। सुबह 10 से सायं चार बजे तक जन कल्याणकारी योजनाओं का मेला, बच्चों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। चार से पांच बजे तक मलखम होगा। सांस्कृतिक संध्या में ढेड़िया नृत्य, उत्तराखंड का लोक नृत्य, दिव्य ज्योति संस्थान की प्रस्तुति, नृत्यांजलि ग्रुप लखनऊ के बच्चों द्वारा कृष्ण लीला, उड़ीसा हर-हर शंभू फेम अभिलिप्सा पांडा, भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री व गायिका अक्षरा सिंह प्रस्तुति देंगी।
विधायक ने सांसद पर की टिप्पणी
जौनपुर। बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा ने जौनपुर बसपा सांसद श्याम सिंह यादव के सड़कों के शिलान्यास करने के दौरान भाजपा मंत्री व विधायक को छुट्टा साड़ कहने पर पलटवार करते हुए कहा कि सांसद साल में केवल एक बार आते हैं और केवल श्रेय लूटने में लगे रहते हैं। बदलापुर के श्री कृष्णा नगर रेलवे स्टेशन पर शटल ट्रेन रोकने के लिए मैंने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्रके दिया था।
महोत्सव के चलते मार्ग परिवर्तित
बदलापुर। बदलापुर महोत्सव के लिए रूट डायवर्जन किया गया है। एक नवंबर की सुबह छह बजे से दो नवंबर की मध्य रात्रि तक मार्ग परिवर्तित रहेगा। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि सुल्तानपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को पुरानीबाजार बाग में, महराजगंज की तरफ से आने वाले वाहनों को विपणन गोदाम के पास, जौनपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को निरीक्षण भवन के बगल बाग में तथा शाहगंज की तरफ से आने वाले वाहनों को एनपीएस पब्लिक स्कूल में पार्क किया जाएगा। सुल्तानपुर से जौनपुर तथा जौनपुर से सुल्तानपुर आने जाने वाले सभी वाहनों को फोरलेन बाईपास तथा प्रयागराज-शाहगंज मार्ग से आने-जाने वाले वाहनों को महराजगंज से तेजीबाजार तथा राजाबाजार से अमरगढ़ होते हुए ढकवा में निकाला जाएगा।