खुटहन व खेतासराय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार की रात मरहट नहर पुलिया के पास मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी सहित पांच तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसमें एक तस्कर के पैर में गोली भी लग गई। इस दौरान एक तस्कर मौके से फरार हो गया। घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है। गिरफ्तार तस्करों का चालान कर न्यायालय भेज दिया गया है। इनके पास से पिकअप वाहन, छह गोवंश, दो तमंचा, तीन कारतूस, पांच मोबाइल फोन व साढ़े सात हजार रुपये नकदी बरामद किया गया।
प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर खास से सूचना मिली कि पशु तस्कर पिकप वाहन पर गोवंश लादकर गोसाईंपुर नहर से मरहट की तरफ जा रहे हैं। जहां से वे गांव के रास्ते से होकर आजमगढ़ जिले में प्रवेश कर जाएंगे। जानकारी होने पर इसकी सूचना बगल के थाना प्रभारी निरीक्षक खेतासराय इंस्पेक्टर राजेश यादव को दी गई। दोनों थानों की संयुक्त टीम ने आधी रात को मरहट नहर पुलिया पर मोर्चा संभाल लिया। तभी वहां तेज रफ्तार से एक पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा टार्च जलाकर रुकने का का संकेत करने पर वाहन के भीतर से फायरिंग शुरू हो गई। जवाब में आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में तस्कर सरफराज उर्फ बब्लू निवासी असरफपुर उसरहटा कोतवाली शाहगंज के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इसके अलावा आजमगढ़ के रानी की सराय थाना क्षेत्र के रोवा गांव निवासी शहाबुद्दीन, सबील, खुटहन के सेठुआपारा निवासी मोहम्मद कासिम, हरिकापुर निवासी इसरारा उर्फ चुन्नू को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।