साड़ी के फंदे से लटका मिला वृद्धा का शव
रामपुर थाना क्षेत्र के सधीरनगंज गांव में सोमवार को एक वृद्धा का शव घर में सीमेंट गर्डर में साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक सधीरनगंज गांव निवासी इंद्रावती (60) पत्नी पंधारी पाल दिन में 12 बजे के करीब काफी देर तक जब वह कहीं दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो उनका शव घर में साड़ी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष रामपुर विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
करंट चपेट में आने से महिला की मौत
रामपुर थानाक्षेत्र के भानापुर (नेवादा) गांव में सोमवार पानी गर्म करने के दौरान विद्युत करंट की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। भानापुर निवासी कांति देवी (50) अपने घर में पानी गर्म करने के लिए बोर्ड में प्लग लगा रही थी। पति सुरेश गौतम के मुताबिक इस दौरान वह विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजन अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष रामपुर विनोद कुमार ने बताया कि इस प्रकार की कोई जानकारी नहीं है।
ट्रक ने महिला को कुचला, मौके पर ही मौत
बक्शा थाना क्षेत्र के रन्नो मार्ग के समीप सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दक्षिणपट्टी गांव निवासी मोहम्मद कलीम की पत्नी जैबुन्निसा (38) घर से पैदल ही नौपेड़वा बाजार जा रही थी। वह हाईवे पर पहुंची तो जौनपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे जैबुन्निसा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतका अपने पीछे दो बेटे और तीन बेटियों को छोड़ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जैबुन्निसा का मायका पास के ही कर्तिहा गांव में होने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ थाने पर जमा हो गई। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि पति मोहम्मद कलीम की तहरीर पर लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
शीतला चौकिया धाम में हादसा, तालाब में डूबने से प्रतापगढ़ के किशोर की मौत
प्रसिद्ध शक्तिपीठ शीतला चौकिया धाम में सोमवार को सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां दर्शन करने आए प्रतापगढ़ के एक 16 वर्षीय किशोर की मंदिर परिसर के पास स्थित तालाब में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रतापगढ़ जिले के दीवानगंज पट्टी निवासी कमलदीप कश्यप (16) अपने मित्र अमित कुमार के साथ दर्शन-पूजन के लिए जौनपुर आया था। परंपरा के अनुसार दर्शन से पूर्व वह तालाब में स्नान करने लगा। सुरक्षा के मद्देनजर तालाब के चारों ओर रेलिंग लगाई गई है लेकिन कमलदीप उसे पार कर गहरे पानी में चला गया। अधिक गहराई होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और डूबने लगा।
साथ आए मित्र अमित और वहां मौजूद लोगों के शोर मचाने पर भारी भीड़ जमा हो गई लेकिन तब तक कमलदीप गहरे पानी में समा चुका था। सूचना मिलते ही सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता, चौकी इंचार्ज राम प्रकाश यादव और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों ने किशोर का शव बाहर निकाला। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। हादसे के बाद से ही मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और वे जौनपुर के लिए रवाना हो गए हैं।