बक्शा पुलिस ने रविवार को राहगीरों को तमंचा दिखाकर मोबाइल और रुपये लूटने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया। उनके पास से तमंचा, दो कारतूस और चोरी के मोबाइल भी बरामद हुए। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर शिवगुलामगंज चौराहे के पास रविवार को भोर में घेरेबंदी की गई। वहां पांच संदिग्ध नजर आए। उनकी तलाशी ली गई तो अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उन्होंने बताया कि रात में आने-जाने वालों को मदद के बहाने रोक कर लूट लेते हैं। पुलिस की पूछताछ में उनकी पहचान लखौवा गांव निवासी कृष्णा यादव, आशीष यादव, अलीगंज निवासी देवेश यादव, कोहड़े सुल्तानपुर निवासी रोहित निषाद और उचौरा गांव निवासी सियाराम के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से एक तमंचा, दो कारतूस, दो मोबाइल व 15 सौ रुपये नकद बरामद हुए हैं। उन्हें संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।