आलमगंज। रामपुर थाना क्षेत्र के पोखरा विजयगीर गांव के कोटेदार शिव कुमार गुप्ता के मकान का ताला तोड़कर बृहस्पतिवार की रात चोरों ने नकदी, जेवरात समेत पांच लाख से अधिक का माल पार कर दिया। परिजन मुंबई गए हैं। सुबह मकान के पीछे बिखरे सामान को देख लोगों ने उनको और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छानबीन की लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका।
पोखरा बिजयगीर गांव के कोटेदार शिवकुमार गुप्ता किसी काम से पिछले चार माह से पूरे परिवार के साथ मुंबई गए हैं। उनके मकान में ताला बंद था। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने देखा कि कोटेदार के घर के अगल-बगल खेतों में कुछ बर्तन व अन्य घरेलू सामान फेका हुआ है। शक होने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना फोन से कोटेदार को दिया। कोटेदार ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान विभूति उपाध्याय को दिया। मौके पर ग्रामीणों के साथ जब प्रधान पहुंचे तो घर के बाउंड्री के बाहर का ताला बंद था । ताला खोलकर जब लोग अंदर पहुंचे तो सभी कमरों का ताला टूटा हुआ मिला । सारा सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित ने फोन से बताया की कुछ माह पहले उसके बेटे की शादी हुई थी। बहू का सोने का हार, सोने की चेन, मंगलसूत्र ,कान की बाली, करधन ,पेटी ,मांग टीका , सोने की अंगूठी, 50 हजार नकद, एलईडी टीवी , तांबे पीतल के बर्तन व अन्य घरेलू सामान चोरों ने पार कर दिया। चोरी गए सामान की कीमत पांच लाख से अधिक बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन चोरों का सुराग नहीं लग सका।