फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसों में पांच की मौत: जौनपुर में विवाहिता ने लगाया फंदा, सर्पदंश से किशोर की गई जान; गड्ढे में डूबा युवक

Wed, 02 Sep 2026 10:12 PM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, जाैनपुर।

सार

जौनपुर में अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें एक विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी, जबकि सर्पदंश से किशोर की मौत हुई। एक युवक गड्ढे में डूब गया। अन्य घटनाओं में भी तीन लोगों की जान चली गई। हादसों की सूचना मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

विज्ञापन
युवक की लाश ढूंढती टीम। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर गांव में 32 साल की विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता तिलकधारी की नामजद तहरीर पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। सरायख्वाजा थानाक्षेत्र के अकबालपुर गांव निवासी तिलकधारी ने मंगलवार की शाम को लाइन बाजार थाने में तहरीर दी। 

विज्ञापन


उन्होंने बताया कि उनकी बेटी पूनम की शादी 11 जून 2013 को विशेषरपुर निवासी संदीप कुमार से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग पूनम को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। पूनम के तीन छोटे बच्चे भी हैं। पीड़ित पिता के अनुसार, 30 अगस्त को संदीप कुमार के पट्टीदार ने उन्हें फोन कर पूनम की मौत की सूचना दी। सूचना मिलने पर पूनम के पिता तिलकधारी और मायके पक्ष के लोग जिला अस्पताल पहुंचे। वहां पूनम का शव रखा हुआ मिला। 

आरोप है कि 29 अगस्त को ससुराल पक्ष के उत्पीड़न से तंग आकर पूनम ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मंगलवार की रात पूनम के पति संदीप कुमार, ससुर मिठाई लाल और सास शांति देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। प्रभारी निरीक्षक लाइन बाजार केके सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति, सास और ससुर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच चौकी इंचार्ज चौकियां उप निरीक्षक राम प्रकाश यादव कर रहे हैं।

विज्ञापन

बच्ची की मौत के मामले में झोलाछाप पर प्राथमिकी दर्ज
केराकत के पेसारा गांव में साढ़े तीन साल की बच्ची की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस ने सीएचसी मुफ्तीगंज के अधीक्षक डॉ. श्रवण यादव की तहरीर पर झोलाछाप आनंद सोनकर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थानाप्रभारी अमरेंद्र पांडेय ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की जांच में आरोपी के पास इलाज करने के लिए आवश्यक चिकित्सकीय डिग्री या प्रमाणपत्र नहीं मिले। 

इसके अलावा क्लीनिक के बाहर लगे बोर्ड पर शहर के अन्य डॉक्टरों डॉ. अभिषेक मिश्रा और डॉ. इंद्रा के नाम भी लिखे हैं। यह घटना तब सामने आई जब पेसारा गांव निवासी राहुल कनाैजिया अपनी साढ़े तीन साल की बेटी माही को बुखार आने पर गांव में ही क्लिनिक चलाने वाले आनंद सोनकर के पास ले गए थे। परिजनों के अनुसार, इलाज के दौरान आनंद सोनकर ने बच्ची को इंजेक्शन लगाया। लगभग 24 घंटे बाद इंजेक्शन लगाए गए स्थान पर बच्ची को तेज दर्द और सूजन होने लगी। चार अगस्त को बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसकी मौत हो गई।

नहर में मिला महिला का शव
प्रयागराज-जौनपुर मार्ग पर पुरऊपुर नहर में बुधवार की सुबह एक महिला का शव मिला। महिला की उम्र करीब 40 साल है। शाम तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। बुधवार की सुबह करीब सात बजे शौच के लिए गए ग्रामीणों ने शव देखा। उन्होंने तत्काल मुंगराबादशाहपुर पुलिस को सूचना दी। मुंगराबादशाहपुर थाना प्रभारी गजानंद चौबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जौनपुर भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

सर्पदंश से किशोर की मौत, झाड़फूंक के चक्कर में हुई देर
सिंगरामऊ के बहरीपुर बाजार में सर्पदंश की एक घटना में 12 साल किशोर रितेश की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार बीती रात रितेश अपने घर में रखी बखारी (ड्रम) के पास किसी काम से गया था। जहां पहले से बैठे सांप ने उसे डस लिया। इसकी जानकारी उसने परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन किशोर को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़फूंक के चक्कर में पड़ गए। वहां आराम नहीं मिलने और उसकी गंभीर स्थिति होने पर उसे जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन किशोर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रितेश कक्षा तीन का छात्र था। दो भाई-बहनों में सबसे छोटा था। मृतक के पिता राजेश सिलाई का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
विज्ञापन

मछली पालन के गड्ढे में डूबने से 19 साल के युवक की मौत
केराकत के नाऊपुर गांव में मंगलवार की देर शाम मछली पालन के लिए खोदे गए पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिरकर आलिम अंसारी (19) की डूबने से मौत हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। नाऊपुर गांव निवासी बिलाल ने बताया कि आलिम बचपन से ननिहाल में रहता था। उसके पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी। इसके बाद नाना-नानी ने उसका पालन-पोषण किया। बिलाल ने अपने घर से करीब 200 मीटर दूर नहर किनारे जमीन पर चहारदीवारी कराई थी। 

बाउंड्री के अंदर दो दिन पहले मछली पालन के लिए 15 फीट लंबा और 15 फीट चौड़े गड्ढे की खोदाई हुई थी। लगातार बारिश के कारण गड्ढे में पानी भर गया था। मंगलवार की शाम को आलिम अपने मौसरे भाई के साथ गड्ढे के पास खड़ा था। अचानक गीली मिट्टी खिसक गई और आलिम संतुलन खोकर गहरे गड्ढे में जा गिरा। पानी और दलदली मिट्टी के कारण वह बाहर निकलने के बजाय अंदर धंसता चला गया। मौसरे भाई ने शोर मचाया, इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे गड्ढे से बाहर निकाला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें