खेतासराय। थाने की पुलिस टीम के द्वारा मंगलवार की दोपहर क्षेत्र के रानी मऊ गांव से गोमांस तस्करी के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचा समेत 62 किलो संदिग्ध मांस भी बरामद हुआ है।
थानाध्यक्ष यजुवेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, दोपहर मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर खेतासराय के रानी मऊ गांव के पास से पांच शातिर गोवंश तस्कर नदीम, हलीम उर्फ औवा, आजाद, समीना बानो पत्नी अबुल लैस, नेदा खातून पत्नी नदीम सभी निवासी रानी मऊ को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचा दो जिंदा कारतूस तथा 62 किलो संदिग्ध गो मांस भी बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि हमारे साथ मो. आजम, अबूजर व हलीम पुत्र अब्दुल सलाम निवासी रानीमऊ भी साथ में थे जो भाग गए। शेष वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दबिश दी जा रही है। सभी पांच आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।