जौनपुर। निष्पक्ष और सकुशल चुनाव संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिले की पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। बक्शा थाना क्षेत्र में निर्दल प्रत्याशी के समर्थन में बिना अनुमति चौपाल लगाए पर पांच लोगों को गिरफ्तार किया, वहीं सपा प्रत्याशी के समर्थन में स्टीकर लगाए 11 बाइक को जब्त किया गया। देर शाम पुलिस ने शहर के सभी होटल-रेस्टूरेंट की तलाशी भी ली। वहां ठहरने वाले हर व्यक्ति का नाम-पता हर हाल में दर्ज करने का निर्देश दिया।
एसओ बक्शा अजय कुमार सिंह ने बताया कि मई बाजार में भ्रमण के दौरान निर्दल प्रत्याशी धनंजय सिंह के समर्थक बिना अनुमति चौपाल लगाए हुए थे। आचार संहिता के उल्लंघन पर कल्लू सिंह, अरुण कुमार चौहान निवासी जमुनीपुर, तेज बहादुर सिंह, आकाश दुबे निवासी दरियावगंज, शिवम सिंह निवासी सुल्तानपुर को गिरफ्तार किया गया। एक बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पकड़े गए सभी आरोपियों को आचार संहिता के उल्लंघन की धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, सपा प्रत्याशी लकी यादव के चुनाव कार्यालय के पास बाइक लेकर जुटे लोगों की जांच की गई। जांच के दौरान बाइक पर सपा का स्टीकर लगाने व आचार संहिता के उल्लंघन पर उड़नदस्ता टीम के प्रभारी राजेश कुमार सिंह की तहरीर पर केस दर्ज कर 11 बाइक को जब्त कर लिया गया।