वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के प्रथम सेमेस्टर में पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को पहले समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। इसी पंजीकरण नंबर के आधार पर इनरोलमेंट नंबर आवंटित किया जाएगा। करीब एक लाख विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म भरने का इंतजार है।
विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे छात्रों की सेमेस्टर परीक्षाएं नवंबर में कराने की तैयारी है। लेकिन, अभी तक छात्रों का परीक्षा फाॅर्म ऑनलाइन नहीं हो सका है। विश्वविद्यालय से संबद्ध 586 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं परेशान हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्रों का परीक्षा फाॅर्म ऑनलाइन कराने की तैयारी चल रही है। प्रथम सेमेस्टर के छात्रों को पहले समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। शीघ्र ही फॉर्म ऑनलाइन करने की प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। स्नातक प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं का इनरोलमेंट नंबर जेनरेट करने के लिए डिटेल दिल्ली भेज दिया गया है। नवंबर के पहले सप्ताह में इनरोलमेंट नंबर मिलने की संभावना है। परीक्षा फॉर्म भरने की जानकारी के लिए प्रथम सेमेस्टर के छात्र हर रोज कॉलेज का चक्कर लगा रहे हैं। कॉलेजों को भी पता नहीं है कि प्रथम सेमेस्टर के छात्रों का परीक्षा फाॅर्म कब और कैसे भरा जाएगा।